बागपत। बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रत्येक कक्ष में दो कक्ष निरीक्षक नियुक्त किए जाएंगे। इनके अलावा प्रत्येक पांच कक्ष पर एक अवमोचक नियुक्त किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से कक्ष निरीक्षकों के पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। इसके लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को शिक्षकों की सूची और उनकी योग्यता का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जैसे-जैसे बोर्ड परीक्षा नजदीक आ रहा है, वैसे ही परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले में 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिले में 31669 छात्र-छात्राएं परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति के लिए प्रधानाध्यापकों से शिक्षको का विवरण और उनकी की शैक्षिक योग्यता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति में माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को वरियता देने और कमी होने पर परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 1552 कक्ष निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं। इनमें 1113 कक्ष निरीक्षक माध्यमिक और 439 कक्ष निरीक्षक परिषद के नियुक्त किए गए हैं। कक्ष निरीक्षकों के नियुक्ति पत्र जारी करने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों से उनकी शैक्षिक योग्यता और विषय के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।