बागपत। काठा गांव में ईंट भट्ठे पर रविवार को जमीन के विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। जिनके बीच धारदार हथियार चल गए। जिसमें भट्ठा मालिक सहित दस लोग घायल हो गए। सीएचसी से चार घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस मामले में दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
किसान नेता रवि पुत्र नरेंद्र सिंह ने बताया कि उनका परिवार के लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवाद के कारण ही बातचीत के लिए रविवार को उन्हें ईंट भट्ठे पर बुलाया गया। आरोप है कि वहां जाते ही लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करके घायल कर दिया। जिसमें रवि, अभिषेक, नरेंद्र, देवेंद्र घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के रविंद्र सिंह ने बताया कि ईंट भट्ठे पर वे भट्ठा मालिक जगपाल शर्मा से रुपये लेने गए थे। दूसरे पक्ष ने उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर पांच लाख रुपये लूट लिए। जिसके बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। दूसरे पक्ष के भट्ठा मालिक जगपाल शर्मा, सतपाल, परविंदर, उपेंद्र, जितेंद्र सहित छह घायल हो गए। पुलिस ने बागपत सीएचसी में घायलों का उपचार कराया। सतपाल, रविंद्र सहित चार घायलों की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर मिल गई है, जिसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।