बागपत। अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह के दो सदस्यों ने पुलिस को चकमा देकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। बागपत कोतवाली पुलिस ने चार मार्च को अंतरराज्यीय हथियार तस्कर आशीष, दीपांशु उर्फ रामपाल, आकाश निवासी कानौली, अंकित निवासी दुजाना नोएडा व मोहित निवासी कचेड़ा नोएडा को गिरफ्तार किया। उनके पास से आठ पिस्टल भी बरामद की गई, जो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के दर्रा में बनी थी। सभी तस्कर नीरज बवाना गिरोह से जुड़े हुए हैं। इसके बाद खेकड़ा पुलिस ने नवीन निवासी सोनिया विहार नई दिल्ली को दो पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस प्रकरण में तस्करों का सरगना सुनील तंवर उर्फ चीनू निवासी खैला, कपिल, सागर निवासी बिचपड़ी समेत अन्य फरार चल रहे थे। मुकदमे में फरार आरोपी कपिल, सागर निवासी बिचपड़ी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इस मामले में पुलिस का कहना है कि हथियारों की तस्करी में शामिल आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही थी। दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर जांच शुरू कर दी जाएगी। संवाद