- लोगों ने लगाए पोस्टर, कहा- दबंग शराब पीकर महिलाओं-लड़कियों से करते है छेड़छाड़, गालियां
- गलियां देने का आरोप, दरोगा ने कहा, शराबियों के होश में आने के बाद करूंगा कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। केशवपुरम काॅलोनी गुराना रोड पर कुछ लोगों के डर से लोग अपने मकान को मजबूर हो गए हैं। लोगों ने अपने घर के बाहर ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगा दिए हैं और बिगड़ी कानून व्यवस्था पर प्रहार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि आरोपियों को पुलिस का भय नहीं है।
पीड़ितों का कहना है कि आरोपी शराब का सेवन कर लोगों को परेशान कर रहे हैं। शराब पीकर आरोपी आने जाने वाले लोगों से मारपीट करते हैं और महिलाओं और लड़कियों से छेड़छाड़ करते हैं। पुलिस भी सुनवाई नहीं कर रही है। इसलिए अब वह मकान बेचने को मजबूर हो गए हैं। पीड़ित मोहल्ले वासियों का कहना है कि जब पुलिस और प्रशासन उनकी सुरक्षा नहीं कर सकता है तो उनका मोहल्ला छोड़कर जाना ही उचित रहेगा।
महिलाओं का कहना है कि वह अपनी बेटियों को डर के साए में घर से बाहर नहीं भेज सकती हैं। आरोप लगाया कि कोतवाली में तहरीर देने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोप है कि सूचना पर पहुंचे दरोगा ने कहा कि आरोपियों के होश में आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- लगभग 30-40 घरों के बाहर लगे पोस्टर
इलाके के लोगों ने आरोपियों से परेशान होकर पलायन करने का निर्णय ले लिया है और अपने घरों के बाहर मकान बिकाऊ है के पोस्टर लगा दिए हैं। पूरे इलाके के लगभग 30-40 मकान और दुकानों के बाहर लोगों ने पोस्टर लगा दिए हैं और अपना विरोध जता रहे हैं।
- इन लोगों ने लगाए अपने घरों पर मकान बिकाऊ का पोस्टर
शराबियों से तंग आकर दीपक, दानवीर, संजय, सुरेश, संदीप, राजकुमार, राजीव सहित 30 से 40 लोगों ने अपने मकानों पर मकान बिकाऊ का पोस्टर लगा रखा है।
- वर्जन
शिकायत प्राप्त हुई है। इंस्पेक्टर को मौके पर भेजकर शराबियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कराई जाएगी। -सविरत्न गौतम सीओ बड़ौत।