बागपत। तितरोदा गांव के प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में तीन शिक्षिकाओं को कार्यालय में ताला लगाकर बंधक बनाने के मामले की जांच दो खंड शिक्षा अधिकारी करेंगे। जिसके लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने एक महिला खंड शिक्षा अधिकारी समेत दो अधिकारियों की जांच समिति गठित कर दी है।
तितरौदा गांव के प्राथमिक विद्यालय नंबर एक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जिसमें स्कूल के कार्यालय के गेट में ताला लगा होने और तीन शिक्षिकाओं को कार्यालय में बंधक बनाने का मामला सामने आया था। शिक्षिकाओं को सिंघावली अहीर थाना पुलिस व यूपी 112 की टीम ने पहुंचकर ताला खुलवाकर बाहर निकाला था। इस मामले में शिक्षिकाओं ने कार्यकारी इंचार्ज अध्यापक के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी कीर्ति का कहना है कि विभागीय जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी सविता डबराल और पुष्पेंद्र कुमार को जांच सौंपी गई है, जो दो दिन में जांच रिपोर्ट देंगे और उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।