अमीनगर सराय। खिंदौड़ा गांव में पांच मई को हुए संघर्ष में पुलिस ने बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सात आरोपी पुलिस पकड़ से दूर है। भोपाल व मनवीर पक्ष में रास्ते में ट्रॉली खड़ी करने को लेकर हुए खूनी संघर्ष में भोपाल की पांच मई और उसके बड़े भाई कालूराम की नौ मई को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। भोपाल के बेटे ऋषिपाल ने 15 लोगों को नामजद करते हुए सिंघावली अहीर थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था। सिंघावली अहीर पुलिस ने छह मई को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कालूराम की मौत के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया था। महिलाओं ने पुलिस का घेराव कर आत्मदाह करने की चेतावनी दे डाली थी। सीओ ओमपाल सिंह के सात दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद कालूराम का अंतिम संस्कार किया था। बुधवार को पुलिस ने तेड़ा-बड़ौत मार्ग दो अन्य आरोपियों सतबीर पुत्र नैन सिंह व दलबीर सिंह उर्फ टीटू पुत्र जगदीश को गिरफ्तार किया है। अभी भी सात आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। एसओ शिव प्रकाश का कहना है कि अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।