बागपत। बड़ौत रोड पर ईंट से भरा ट्रक पलटने के दौरान हादसे में राजस्व निरीक्षक समेत आधा दर्जन लोग बाल-बाल बच गए। ट्रक में सवार चार मजदूर घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को सुबह सात बजे दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित बड़ौत रोड पर त्यागी मोटर स्पेयर पार्ट्स की पर बैठे लोगों ने बताया कि एक ट्रक तेज गति से आ रहा था। जैसे ही वह इलाहाबाद बैंक के पास पहुंचा तो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान दुकान के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे, जो बच गए। ट्रक पलटने के कारण गैस लीक हो गई। जिससे वहां अफरातफरी मच गई। ट्रक पर सवार मजदूर दिलशाद ने बताया कि नैथला गांव में एक भट्ठे से ईंट भरकर गाजियाबाद ले जा रहे थे। ट्रक में रखी ईंट पर सभी मजदूर सो रहे थे। हादसा कैसे हो गया पता ही नहीं चला। इस दौरान लोनी के पावी निवासी रिहान, आसिफ, रिजवान भी घायल हो गए। जिन्हें पुलिसकर्मियों ने सीएचसी में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत स्थिर बताई। कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही ने बताया कि मजदूरों को मामूली चोट आई है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।