अमीनगर सराय। मेरठ बागपत नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार देर रात भीषण हादसा हो गया। आमने-सामने की टक्कर के बाद ट्रक एक कार को 50 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मशक्कत के बाद क्षतविक्षत शव कार से बाहर निकाला। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे बागपत की ओर से आ रही कार मे मेरठ की ओर से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। तेज रफ्तार ट्रक कार को 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। कार हाईवे किनारे खड़े पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार अनुभव (23) निवासी गोविंदपुरम जिला गाजियाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव और ट्रक को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी।
मृतक के छोटे भाई प्रणव ने बताया कि अनुभव गुरुग्राम की अमेरिकन एक्सप्रेस कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता था। वह बृहस्पतिवार दोपहर बागपत में किसी से मिलने के लिए आया था। बागपत से वापस लौटते समय हादसा हो गया। सीओ हरीश भदौरिया का कहना है कि ट्रक कब्जे में ले लिया गया है, चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
घटनास्थल देख कांप गई रूह
नेशनल हाईवे पर कार को 50 मीटर तक घसीटकर ले जाने की घटना के बाद राहगीर और आसपास के ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गये। घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त कार देख ग्रामीणों और राहगीरों की रूह कांप गई।