बागपत। बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर मंगलवार को कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों का ट्रायल लिया गया। कंट्रोल रूम प्रभारी और अधिकारियों ने कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था देखी।
बोर्ड परीक्षा के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम प्रभारी प्रधानाचार्य रीता राठौर ने बताया कि मंगलवार को कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, वाइस रिकार्डर का ट्रायल लिया गया। ट्रायल में परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वाइस रिकार्डर, डीवीआर और हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन की स्थिति देखी गई। जिले में बनाए गए 38 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और इंटरनेट की व्यवस्था सही मिली। इस मौके पर परीक्षा प्रभारी जप्रकाश रुहेला, सहायक मोनू कुमार, कंट्रोल रूम सहायक सविता, कालूराम, सचिन कुमार, ओमबीर सिंह मौजूद रहे। संवाद