संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नगर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें नोडल अधिकारी ने विद्यालय स्तर से आए नोडल शिक्षकों को छात्रों को बेहतर शिक्षण कराने का प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. प्रीति शर्मा व जिले के नोडल अधिकारी डॉ. सत्यवीर सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इसके उपरांत नोडल अधिकारी डॉ. सत्यवीर सिंह ने कक्षा नौवीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षकों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया। उन्होंने विद्यालयों में उपचारात्मक शिक्षण कार्यक्रम शुरू कराने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं का आंकलन करने के लिए प्रबोधन एप के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मॉडल प्रदर्शनी में मोनू रहा अव्वल
अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे के उच्च प्राथमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार को गणित और विज्ञान विषय पर मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाध्यापक मीनाक्षी ने बताया कि प्रदर्शनी में विद्यालय की 25 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसमें छात्र-छात्राओं ने एक से एक मॉडल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आठवीं कक्षा के मोनू को प्रथम, छठीं कक्षा के दीपू दूसरे और अलिसवा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। संवाद