बागपत। नगर पालिका में अधिकारियों व व्यापारियों की अतिक्रमण को लेकर बैठक हुई। जहां सात दिन में व्यापारियों के खुद अतिक्रमण हटाने पर सहमति बनी तो ठेली भी दुकानों के आगे नहीं खड़ी कराने की बात कही गई। इसके साथ ही व्यापारियों ने कुछ समस्याए उठाई, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
प्रशासन ने पिछले दो दिनों से बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया हुआ है। जिसको लेकर प्रशासन व व्यापारियों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा था। इसको लेकर बुधवार को नगर पालिका कार्यालय में हुई बैठक में सांसद के पूर्व प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर ने कहा कि अतिक्रमण की समस्या का आपस में बैठकर बातचीत के बाद ही समाधान होगा। इस तरह से कार्रवाई करने पर विवाद की स्थिति पैदा होगी। इसलिए व्यापारियों को कोई परेशानी नहीं हो, इस तरह से कार्य किया जाएगा। इसपर एडीएम प्रतिपाल चौहान ने कहा कि नाले पर जिन दुकानदारों ने स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण किया हुआ है। वह उसे हटाकर लोहे की जाली लगवा दें, जिससे किसी तरह का अतिक्रमण भी नहीं रहेगा और जाली हटाकर नाले की सफाई भी हो जाएगी। इससे बारिश में पानी निकासी की समस्या भी नहीं रहेगी। इसके साथ ही सडक़ से ठेली हटवाकर पांडव रोड पर खड़ी कराने की बात कही गई।
व्यापारी नेता नंदलाल डोगरा व अजय गोपी ने कहा कि दुकानों के आगे से ठेली हटवा दी जाएगी। ठेली वाले सड़क पर एक जगह खड़े न होकर, वहां घूमते रहेंगे। जिससे किसी तरह की परेशानी नहीं हो। व्यापारी मनोज गोयल ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के लिए सात दिन का समय दिया जाए। व्यापार संघ भी प्रशासन के साथ मिलकर नाले की सफाई कराएगा, जिससे कोई परेशानी न हो। व्यापारी नेता विक्की चौधरी व संजय रूहेला ने विरोध जताते हुए कहा कि व्यापार कम होने के कारण परेशानी झेल रहे है। अब कोई वाहन लेकर बाजार में आता है तो उसका चालान कर दिया जाता है। इस तरह से चालान बंद कराए जाए। व्यापारी जिकरूरहमान ने कहा कि चमरावल रोड पर बड़े वाहनों को दुकानों के सामने खड़ा कर दिया जाता है। जिनके कारण परेशानी होती है। उन वाहनों को हटवाया जाए।
एडीएम प्रतिपाल चौहान ने व्यापारी को आश्वासन दिया कि अगर वह अतिक्रमण हटाने में उनका सहयोग करते है तो उनकी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। लेकिन सड़क पर किसी भी हालत में अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान अभिमन्यु गुप्ता, विकास शर्मा, कन्हैया गुप्ता, मुनीर खान, अभिषेक जैन आदि मौजूद रहे।