बागपत में अग्रवाल मंडी टटीरी के लोहा व्यापारी विष्णु मित्तल से मांगी गई दस लाख रुपये की रंगदारी के मामले में पुलिस ने शक के आधार पर बली गांव के दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों को पहचानने के लिए दुकान का कर्मचारी अनिल कोतवाली पहुंचा। उसने दोनो युवकों को पहचाने से इंकार कर दिया है।
लोहा व्यापारी विष्णु मित्तल की बागपत के मेरठ रोड पर सरिया की दुकान है। छह मार्च को बाइक सवार दो बदमाश दुकान के कर्मचारी अनिल के हाथ में खत थमाकर चले गए थे। कहा था कि यह खत अपने मालिक को दे देना। खत में सचिन नंदा के नाम से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
पुलिस तभी से ही बदमाशों की तलाश में लगी हुई है। पुलिस ने शक के आधार पर मंगलवार को बली गांव के दो युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने कर्मचारी अनिल को कोतवाली में बुलवाया। व्यापारी विष्णु मित्तल और अनिल वहां पर पहुंचे। कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव का कहना है कि शक के आधार पर पकड़े गए युवकों को कर्मचारी अनिल ने पहचानने से इंकार कर दिया। फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। सुराग भी तलाशें जा रहे हैं।
सचिन से जेल में पूछताछ करने गई टीम
बागपत। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि सचिन नंदा से पूछताछ करने के लिए पुलिस की अनुमति लेकर नोएडा की कासना जेल में गई है। टीम द्वारा की गई पूछताछ के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
बदमाशों की धमकी से नहीं डरेंगे व्यापारी
अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे के व्यापारियों की अग्रवाल धर्मशाला में हुई मिटिंग में कहा कि अब व्यापारी बदमाशों की धमकी से डरने वाले नहीं है। उन्होंने एकजुट होकर बदमाशों का मुकाबला करने का निर्णय लिया। नगर पंचायत सभासद व्यापारी अशोक सिंघल ने कहा कि कस्बे का व्यापारी एकजुट हैं। बदमाशों की धमकी से कोई डरने वाला नहीं है।
बदमाशों का डटकर मुकाबला किया जाएगा। सभी लोग व्यापारी विष्णु मित्तल के साथ हैं। उन्होंने निर्णय लिया कि बुधवार को इस संबंध में एसपी से मिला जाएगा और बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की जाएगी। इस मौके पर भगवत प्रसाद, अनिल गोयल, प्रवीण मित्तल, सभासद पीयूष गुप्ता, अशीष गर्ग, राधेश्याम, भानु जैन मौजूद रहे।