संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बालैनी में टोल प्लाजा पर ट्रैक्टर और अन्य कृषि वाहनों से टैक्स वसूलने को लेकर विवाद शुरू हुआ तो एनएचएआई ने साफ कर दिया कि कृषि वाहनों से टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। अगर बालैनी टोल प्लाजा पर ट्रैक्टर ओर अन्य कृषि वाहनों से टैक्स वसूला जाता है तो उसकी शिकायत अधिकारियों के पास करने पर कार्रवाई होगी। वकील और किसान संगठनों के इस संबंध में भेजे गए पत्र पर एनएचएआई के परियोजना निदेशक को यह सफाई देनी पड़ी।
मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर बालैनी में 15 दिन पहले ही टोल प्लाजा शुरू किया है। उस टोल के आसपास हबीबपुर नंगला, डौलचा, बाखरपुर बालैनी, अमीपुर बालैनी, मुकारी, औगटी, हरियाखेड़ा, सहड़भर, सिंघावली अहीर, पुरा महादेव, बुढ़सैनी, मतानतनगर गांव हैं। इनमें अधिकतर गांवों के किसानों को अपने खेतों में जाने के लिए टोल प्लाजा से होकर गुजरना पड़ता है।
किसानों का आरोप था कि वह अपने ट्रैक्टर लेकर खेत में जाते हैं, तो उनसे टोल वसूला जा रहा है। इसके अलावा भी अन्य जगहों के किसान वहां से ट्रैक्टर व अन्य कृषि वाहन लेकर गुजरते है तो उनसे भी जबरन टोल टैक्स वसूल किया जाता है। इसका विरोध जताने पर उनके साथ अभद्रता व गाली-गलौज तक की जाती है। इसको लेकर विवाद हो गया था और वकील पवन तिवारी के साथ ही कई किसान संगठनों ने एनएचएआई को इस संबंध में पत्र लिखा था।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक संजय मिश्रा ने साफ कर दिया कि टोल प्लाजा पर एनएचएआई के नियमों के अनुसार कृषि वाहनों से टोल टैक्स नहीं लिया जा सकता है। इस तरह स्थिति साफ होने पर किसानों को काफी राहत मिली है और वह टोल वसूलने पर अधिकारियों से शिकायत कर सकते हैं।
--
हबीबपुर नंगला के रास्ते पर भी एनएचएआई की सफाई
टोल प्लाजा के पास से एक रास्ता हबीबपुर नंगला होते हुए बालैनी चौराहे से कुछ दूर पहले निकलता है। आसपास के गांवों के किसान व वाहन चालक उस रास्ते से गुजरने लगे तो ठेकेदार ने बैरियर लगा दिया। कर्मी खड़े करके जबरन वाहनों को रोककर टोल प्लाजा से निकालना शुरू कर दिया। इसको लेकर भी वकील पवन तिवारी ने एनएचएआई में शिकायत की। परियोजना निदेशक ने साफ कहा कि एनएचएआई ने हबीबपुर नंगला के रास्ते पर बैरियर नहीं लगवाया है। इस तरह साफ हो गया है कि रास्ता अवैध रूप से रोका गया है और उसकी भी शिकायत करते ही ठेकेदार पर कार्रवाई होगी।