सिनौली गांव में आयोजित पंचायत में किसानों को संबोधित करता वक्ता
बड़ौत। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान, आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या सहित कई समस्याओं को लेकर सिनौली गांव में रविवार को किसानों की पंचायत हुई। जिसमें जिला प्रशासन को समस्या से अवगत कराने के बाद भी निस्तारण न होने पर नाराजगी जताई गई। पंचायत में समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर तहसील में भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया।
वक्ताओं ने कहा कि मलकपुर मिल पर करीब 400 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान के बकाया है, लेकिन कई बार मांग किए जाने के बाद भी समय पर मिल द्वारा भुगतान नहीं किया जा रहा है, जहां एक और मिल पर किसानों का करोड़ों पर बकाया है। विद्युत निगम के अधिकारी चेकिंग के दौरान पीड़ित किसानों के कनेक्शन काट रहे हैं।
इस दौरान क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आवारा पशु की संख्या पर नाराजगी जताई। कहा कि आवारा पशु किसानों की फसलों को उजाड़ रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन का इस ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं है। पंचायत में बढ़ी विद्युत दरों को घटाए जाने की भी मांग उठाई गई।
अध्यक्षता महेंद्र ने और संचालन विपिन पूनिया ने किया। मौके पर महक सिंह, सुधीर, प्रमोद, अलबेल, रामकिशन, प्रवीण, सुभाष, प्रदीप मान, जोगेन्द्र, इकबाल, हरेन्द्र मान आदि किसान मौजूद रहे।