संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। पाबला बेगमाबाद में एक व्यक्ति व उसके परिवार को बदनाम करने के लिए गांव में पोस्टर लगवा दिए गए। इसका विरोध करने पर पोस्टर लगाने वालों ने मारपीट की। इस मामले में कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
पाबला बेगमाबाद के चंद्रपाल पुत्र खचेडू ने कोतवाली से शिकायत की कि उसके पुत्र उमेश की वर्ष 2003 में गांव के एक युवक ने हत्या कर दी थी। आरोप है कि उसके पुत्र की हत्या करने वाले ने अपने साथियों व परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर उसके खिलाफ गांव में जगह-जगह पोस्टर लगा दिए। ऐसा उसे व उसके परिवार को बदनाम करने के लिए किया गया। इस बारे में पता चलने पर वह विरोध जताने पहुंचे तो उनसे मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं, कोतवाली प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि इस मामले में जांच की जा रही है और उसके आधार पर कार्रवाई होगी।