बागपत। डीएम शकुंतला गौतम ने विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचना चाहिए। सोशल सेक्टर की वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन का पात्रों को लाभ दिया जाना चाहिए। गांव में कैंप भी लगाया जाएं। इस दौरान गणतंत्र दिवस जिन विभागों ने झांकियां निकालकर विकास का संदेश दिया था, उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कृषि विभाग को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए तीन प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला दिव्यांग जन कल्याण अधिकारी तूलिका शर्मा को दिव्यांगों की पेंशन के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अवैध खनन करने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा एसडीएम, खनन अधिकारी और एआरटीओ चेकिंग अभियान चलाए। एआरटीओ को निर्देश दिए कि सरकारी वाहन के बजाए प्राइवेट वाहन से चेकिंग करें। जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी को खाद्य गोदामों की त्रिस्तरीय जांच करने के निर्देश दिए। खाद्य वितरण ई-पोस मशीन से ही किया जाएं और आधार फीडिंग कराई जाएं। जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि किसान सम्मान निधि में जो लंबित प्रकरण हैं उनको तत्काल खत्म किया जाए। सीडीओ पीसी जायसवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आरके टंडन, एमपी सिंह मौजूद रहे।