ठगों ने दो दुकानदारों से की आनलाइन ठगी
खेकड़ा। खेकड़ा में सक्रिय हुए ठगों ने दो दुकानदारों से ऑनलाइन हजारों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित दुकानदारों ने थाने में पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र के ग्राम लहचौड़ा निवासी कपिल कुमार ग्राम रटौल में बस स्टैंड के पास होटल चलाता है बृहस्पतिवार की सुबह उसके फोन पर अनजान नंबर से कॉल आया। रिसीव करने पर फोन करने वाले ने उसे 10 लोगों का खाना पैक करने का आर्डर दिया। दुकानदार ने बताया कि खाना पैक करने के बाद उसने उक्त नंबर पर फोन कर खाना ले जाने को कहा। ठग ने कहा कि वह खाने का पेमेंट ऑनलाइन करेगा। वैरीफाई के लिए उसके कोड खाते में 2000 रुपये डाल दो। तुरंत ही खाने के रुपयों के साथ सभी रुपये वापस खाते में भेज दूंगा। होटल मालिक ने उसके खाते में 2000 रुपये डाल दिए। इसके बाद ठग ने होटल मालिक का फोन नहीं उठाया।
खेकड़ा के बाजार में मिष्ठान की दुकान करने वाले मोहल्ला रामपुर निवासी मिठाई विक्रेता अनुज के फोन पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने उसे 10 किलो पेठे की मिठाई पैक करने के लिए कहा। दुकानदार ने मिठाई पैक करने के बाद उसके पास वापस कॉल कर मिठाई ले जाने को कहा। ठग ने वेरीफाई के नाम पर उससे 800 रुपये अपने खाते में डलवा लिए। इसके बाद दुकानदार की कॉल रिसीव नहीं की। पीड़ित दुकानदारों ने थाने में पहुंचकर ठगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ विजय चौधरी का कहना हैं कि ठगों का सुराग लगाकर कार्रवाई की जाएगी।