बड़ौत (बागपत)। कोताना गांव में दो महिलाओं सहित तीन लोगों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की। लोगों ने तीनों को बड़ौत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों के मानसिक रूप से परेशान करने पर उन्होंने यह कदम उठाया है।
कोताना गांव के रहने वाले प्रेम सिंह (50) वेल्डिंग का काम करते हैं। उनके दोनों बेटे सचिन और विपिन सोनीपत के कुंडली में वेल्डिंग का काम करते हैं। उनके दोनों बेटे शुक्रवार सुबह काम पर गए हुए थे। घर में प्रेम सिंह के अलावा दो पुत्रवधू नीलम पत्नी सचिन और सोनिया पत्नी विपिन मौजूद थे।
दिन में उन तीनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया और मकान का गेट बंद कर लिया। हालत बिगड़ती देखकर छत पर मौजूद परिवार और पड़ोस की महिलाओं ने शोर मचा दिया। जिसके बाद लोग वहां पहुंचे और दरवाजा तोड़कर तीनों को बड़ौत के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर नीलम की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रेम सिंह ने बताया कि गांव के कुछ लोग उन पर ताना मारते हैं। इस कारण वह मानसिक रूप से परेशान हैं। इस मामले में कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी गई। सीओ युवराज सिंह का कहना है कि यदि तहरीर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।