बागपत के मवीकलां गांव में आयोजित पंचायत को संबोधित करते डॉ.कुलदीप उज्ज्वल
बालैनी। मवीकलां गांव में शराब का ठेका बंद कराने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों की पंचायत हुई। जिसमें ठेके के पक्ष में रहने वाले लोग और उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने की बात कही गई। साथ ही ठेका बंद कराने के लिए गांव में अभियान चलाने का निर्णय लिया।
मवीकलां गांव के आर्य समाज मंदिर में आयोजित पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि ठेका 24 फरवरी को बंद करने का आश्वासन दिया था। जिस पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया था। उन्होंने कहा कि 24 फरवरी बीतने के बाद अभी तक शराब का ठेका बंद नहीं किया। वक्ताओं ने कहा कि पंचायत में किए गए वादे से मुकरने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।
पंचायत में 51 सदस्यीय समिति का गठन किया गया, जो गांव में संचालित सभी स्कूलों और मंदिरों की तरफ से शराब का ठेका बंद कराने के लिए पत्र लिखवाने का काम करेगी। उन पत्रों को डीएम को सौंपा जाएगा।
उन्होंने कहा कि ठेका बंद नहीं होने पर ग्रामीण आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। पंचायत में रालोद के राष्ट्रीय सचिव डाॅ. कुलदीप उज्ज्वल, योगेंद्र वैदिक, सत्यवीर प्रधान, बाबूराम आर्य, कालू खान, अंकुर उज्जवल, मीनू पंडित, तेजू बीडीसी, तेजवीर, जसबीरी, बबली, कमलेश मौजूद रहे।