- फखरपुर गांव से अपहरण के बाद की गई थी शौर्य की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। फखरपुर गांव के शौर्य हत्याकांड के मुकदमे में मंगलवार को न्यायालय में सुनवाई हुई। जहां हत्याकांड के तीसरे गवाह ने गवाही दी और हत्याकांड के तथ्यों के बारे में जानकारी दी। अब शौर्य हत्याकांड पर सुनवाई के लिए एक मई नियत की गई है।
वादी पक्ष के अधिवक्ता रामपाल नेहरा और संदीप चौहान ने बताया कि फखरपुर गांव के रहने वाले जगवीर ने 15 दिसंबर 2022 को अपने पौत्र शौर्य के अपहरण की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने कुछ दिन बाद गांव के ही विनीत, नीरज समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर खेत में दबाया गया शौर्य का शव बरामद किया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। इस मामले में एक आरोपी के नाबालिग होने का दावा किया गया था, जिसकी पत्रावली दूसरे न्यायालय में भेज दी गई। अधिवक्ता ने बताया कि शौर्य हत्याकांड के मुकदमे की सुनवाई न्यायालय में चल रही है। जिसमें पहले दो गवाहों की गवाही हो चुकी है, जबकि तीसरे गवाह प्रवेंद्र ने मंगलवार को कोर्ट में गवाही दी। उन्होंने बताया कि गवाह प्रवेंद्र ने कोर्ट को हत्या से जुड़े तथ्यों पर गवाही दी। जिसमें अब सुनवाई के लिए एक मई नियत की गई है।