बागपत। आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के मुकदमे में फरार तीसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
शहर की एक काॅलोनी में रहने वाले व्यक्ति ने 31 अगस्त को वर्ग विशेष के रिजवान, वसीम और रोजू के खिलाफ नाबालिग बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने, धर्म परिवर्तन के लिए हिजाब बांधना और नमाज पढ़वाने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें पुलिस ने आरोपी रिजवान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि उसका भाई रोजू न्यायालय में आत्मसमर्पण कर जेल चला गया।
इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने बृहस्पतिवार को एसपी से शिकायत कर आरोपी पक्ष पर धमकी देने का आरोप लगाया। साथ ही तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पलायन की चेतावनी दी। जिसको लेकर पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई। इस मामले में एएसपी एनपी सिंह का कहना है कि फरार आरोपी वसीम को चमरावल मार्ग से गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।