छपरौली। टांडा गांव में बुधवार रात चोरों ने चार दुकानें खंगालकर हजारों रुपये की नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। एक रात में चार दुकानों में चोरी होने पर ग्रामीणों में आक्रोश जताया और थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
टांडा गांव के रहने वाले चाहत खान ने बताया कि बुधवार शाम वह अपना जनसेवा केंद्र बंदकर घर चला गया था। बृहस्पतिवार सुबह वापस आकर देखा तो दुकान में रखी हजार हजार रुपये की नकदी व अन्य सामान चोरी मिला। इसके अलावा शोएब पुत्र ताहिर के कपड़े के शोरूम का शटर उखाड़कर 10 हजार रुपये और कपड़े चोरी कर लिए गए।
इसके अलावा सलमान पुत्र इमरान खान की परचून की दुकान से 10 हजार रुपये और कीमती सामान चोरी कर लिया गया। मेडिकल स्टोर को भी चोरों ने निशाना बनाकर चोरी की। मेडिकल स्टोर संचालक पवन कुमार ने बताया कि उसकी दुकान से पांच हजार रुपये, दवाइयां चोरी कर ली गईं। चार दुकानों में चोरी की जानकारी होने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। पुलिस भी मौके पर पहुंची। पीड़ितों ने पुलिस से चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की। उधर थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया जाएगा।
लहचौड़ा में अलमारी का ताला तोड़कर चोरी
चांदीनगर। लहचौड़ा गांव के रहने वाले सुशील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नौकरी करने बाहर गया हुआ था और उसकी मां रिश्तेदारी में चली गई थी। आरोप लगाया कि चोरों ने मकान में घुसकर अलमारी का ताला तोड़कर 30 हजार रुपये चोरी कर लिए। उधर थाना प्रभारी का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।