बड़ौत। आपको सुनकर भले ही अजीब लगे, लेकिन यह सच है। जनपद बागपत का एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऐसा भी है, जो लोगों को बीमारी बांट रहा है। यहां पर दवाइयां लेने के लिए आने वाले मरीजों को जलभराव और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
बड़ौत ब्लाक के बावली गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से बावली, रूस्तमपुर, महावतपुर, गूंगाखेड़ी, बरवाला सहित अन्य कई गांवों के लोग जुडे़ हुए हैं। डॉ. हिना खान चिकित्साधिकारी पद पर तैनात हैं। इसके अलावा हरेंद्र राठी फार्मासिस्ट, हेल्थ सुपरवाइजर कंवरपाल और सफाई कर्मचारी आस मौहम्मद तैनात हैं।
गांव के पानी की निकासी और दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर भरने वाले पानी की निकासी के लिए पीएचसी के बाहर से एक नाला है, जो गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए पीएचसी के गेट पर आकर समाप्त हो जाता है। ऐसे में जब भी बरसात होती है तो यहां पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पूरे परिसर में पानी भर जाता है, जिस कारण मरीजों को इस गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
बावली गांव के मनोहर सिंह तोमर का कहना है कि पीएचसी पर जलभराव और गंदगी के कारण मरीजों को दिक्कत हो रही है, लेकिन अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्राम प्रधान गौरव तोमर ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक सहित बीडीओ व एसडीएम से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बताया कि जलभराव व गंदगी के कारण वहां पर जाने वाले लोग ही चर्म रोग के अन्य बीमारियों से ग्रस्त हो रहे हैं।
कोट...
- बीडीओ ज्योति बाला और एसडीएम सुभाष सिंह को कई बार लिखित में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई हल नहीं निकल रहा है। - डॉ. विजय कुमार, अधीक्षक सीएचसी
- ग्राम प्रधान और सचिव को निर्देशित किया गया है। जल्द ही जलभराव के लिए पानी निकासी की उचित व्यवस्था की जाएगी। - ज्योति बाला, बीडीओ