बड़ौत। नई बस्ती में विधवा के मकान का ताला तोड़कर नगदी समेत लाखों का सामान चोरी कर लिया गया। पीड़िता ने परिवार के ही एक युवक व उसके ससुरालवालों पर चोरी का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। आरोप है कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने एसपी को शिकायत भेज न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता मोमीना पत्नी स्वर्गीय रहीसू नई बस्ती की रहने वाली है। उसने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि घर में छोटे बेटे शादाब की शादी है। शादी के लिए जेवरात समेत कीमती कपड़े व अन्य सामान खरीदकर रखा था। बताया कि परिवार का ही एक युवक, उसकी पुत्रवुध समेत तीन चार लोग मकान मेें घुस गए और सारा सामान चोरी कर ले गए। इसकी सूचना पुलिस को दी, तो मौके पर पहुंची पुलिस परिवारिक मामला बताकर बिना कार्रवाई किए लौट गई।
वही मोहल्ले के लोगों ने आए दिन हो रही चोरी की घटना को लेकर आक्रोश जताया। कुछ लोग कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली भी पहुंचे, जहां पुलिसकर्मियों ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।