मंदिर के दानपात्र में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
दोघट। बामनौली गांव स्थित नाग बाबा मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर चोरों ने 50 हजार से अधिक की नकदी चोरी कर ली। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शिकायत मिलने पर पुलिस जांच में जुट गई।
ग्रामीण बिजेंद्र, मालू आदि ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह पूजा अर्चना करने मंदिर पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला। जहां दानपात्र का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद प्रधान के पति धर्मेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान महिपाल सिंह व मंदिर कमेटी सदस्यों ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो तीन चोर दानपात्र में चोरी करते हुए दिखे, जबकि एक चोर बाहर खड़ा होकर पहरेदारी करता रहा। मंदिर कमेटी के सदस्यों ने 50 हजार से अधिक रुपये की चोरी करने का आरोप लगाया। उधर, थाना प्रभारी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।