बड़ौत। लुहारी गांव के जितेंद्र हत्याकांड के मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए युवक के पक्ष में बृहस्पतिवार को परिजन और ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और उसे निर्दोष बताया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनुज दांगी ने बताया कि तीन दिन पूर्व गांव के जितेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसी दौरान खेत से काम कर गांव का सुधीर भी ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। सुधीर को देखकर हत्यारोपी भाग निकले थे। अंधेरे के चलते सुधीर हत्यारोपियों को नहीं देख पाया था। आरोप है कि पुलिस ने सुधीर को हिरासत में ले रखा है। उन्होंने सुधीर को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। कोतवाली प्रभारी मगनवीर सिंह गिल ने परिजनों को आश्वस्त किया कि किसी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा।