बागपत। कड़ाके की ठंड में जहां लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आते हैं। वहीं शहर में कई युवा सुबह को टी-शर्ट पहनकर घूमते नजर आते हैं। जिनका कहना है कि खानपान अच्छा रखने, नियमित व्यायाम करने व तेज चाल से चलते समय शरीर का तापमान ज्यादा रहता है और उससे ठंड कम लगती।
कड़ाके की ठंड के बावजूद भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के केवल टी-शर्ट पहनकर चलने पर कई दिन तक बहस छिड़ी रही। केवल राहुल गांधी ही नहीं, बृहस्पतिवार को बागपत में इस तरह कई युवा सुबह के समय टी-शर्ट पहनकर घूमते हुए नजर आए। टी-शर्ट पहनकर घूम रहे बड़ा बाजार निवासी बादल ने बताया कि अच्छा खानपान रखने और नियमित व्यायाम करने के साथ ही जब तेज चाल से घूमते है तो ठंड कम लगती है।
बड़ा बाजार के रहने वाले तुषार फौजदार कहते हैं कि वह नियमित घूमते हुए तेज चाल से चलते हैं। उनको शुरू में कुछ ठंड महसूस होती है, लेकिन उसके बाद वह शरीर का तापमान बढ़ने से ठंड नहीं लगती है। वह रोजाना टी-शर्ट पहनकर ही घर से निकलते हैं।
--------
व्यायाम करने वालों व तेज चाल से चलने पर पड़ता है असर
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि हालांकि ठंड को लेकर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। लोग अपना खानपान बेहतर रखे और नियमित व्यायाम करते हैं तो अन्य लोगों के मुकाबले ठंड कम लगती है। तेज चाल से चलते समय शरीर का तापमान बढ़ने का असर भी रहता है।