बच्ची पैदा होने पर युवक ने महिला को ठुकराया
बिनौली (बागपत)। दिल्ली की रहने वाली एक महिला ने थाना बिनौली क्षेत्र के एक गांव के युवक पर शादी का झांसा देकर लगातार डेढ़ वर्ष तक यौन शोषण कर उसे गर्भवती करने ओर लड़की पैदा होने पर मारपीट कर घर से निकाल देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने दिल्ली महिला आयोग का सहारा लेकर आरोपी युवक के खिलाफ दिल्ली में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसे बिनौली थाने को स्थानांतरित कर दिया गया।
दिल्ली की एक महिला ने थाना पश्चिम विहार ईस्ट आउटर दिल्ली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह शादीशुदा है उसके दो बच्चे भी हैं और वह पिछले आठ वर्ष से अपने पति से अलग रहती है। फरवरी 2021 को एक शादी कराने वाली संस्था के माध्यम से उसका बिनौली थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक से संपर्क हुआ। जिसने महिला को अपनी पत्नी की मृत्यु हो जाने की जानकारी देकर उससे शादी का प्रस्ताव रखा। आरोपी उसे गांव में अपने घर ले आया और परिवार के लोगों से मिलवाकर जल्द ही शादी करने का आश्वासन दिया।
महिला का आरोप है कि उस दिन से ही आरोपी ने उसका यौन शोषण करना शुरू कर दिया। तीन मई को उसने बच्ची को जन्म दिया। महिला का आरोप है कि बच्ची के जन्म होने के बाद आरोपी उसके साथ आये दिन गाली गलौज कर मारपीट कर उसे तंग करने लगा। महिला ने न्याय पाने के लिए तीन अगस्त को दिल्ली में महिला आयोग की सहायता लेकर से आरोपी के खिलाफ थाना पश्चिम विहार ईस्ट आउटर दिल्ली में मुकदमा पंजीकृत कराया। उक्त मुकदमे को दिल्ली से थाना बिनौली को स्थानांतरित किया गया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।