बिनौली। तितरौदा गांव में अनमोल रामलीला पार्टी के तत्वाधान में धर्मशाला परिसर में चल रहे रामलीला मंचन के दसवें दिन लंका नगरी को जलाने के बाद वापस पहुंचे वीर हनुमान ने राम को माता सीता का हाल बताया तो वे व्याकुल हो उठे। समुद्र देवता की उपासना कर सेतु निर्माण कर लंका पहुंच गए। प्रभु श्रीराम ने एक बार ओर रावण को समझाने के लिए अंगद को दूत बनाकर लंका में भेजा। सभा में वीर अंगद में रावण को समझाते हुए प्रभु श्री राम की शरण में जाने को कहा। इससे क्रोधित रावण ने अंगद को अपने और लंका के योद्धाओं के बाहुबल की धमकी दी। इस पर वीर अंगद ने उनका भरम तोड़ने के लिए भरी सभा में अपना पैर पृथ्वी पर जमा दिया, जिसे कोई भी योद्धा नहीं हिला सका। अंत में रावण अंगद के पैर को छूने चले। अंगद ने कहा मेरे पैर क्यों छूते हो लंकेश, प्रभु श्रीराम के पैर छूने से ही तुम्हारा कल्याण होगा। इससे क्रोधित रावण ने सेना को अंगद को पकड़ लेने हुक्म दिया। अंगद लंका की सेना को मसलकर युद्ध का एलान कर आये। कॉमेडी कलाकार विनेश कुमार उर्फ कल्लू, पिंटू पंडित, राजू ने दर्शकों को खूब हंसाया। अश्वनी प्रताप सिंह ने दिल्ली, हरियाणा व उत्तराखंड में रह रहे ग्रामीणों को फेसबुक के माध्यम से रामलीला का लाइव मंचन दिखाया।