बागपत। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत जीडीए का प्रशिक्षण हासिल करने वाले प्रशिक्षुओं ने डायरेक्टर पर जमा कराए गए दस्तावेज वापस न देने का आरोप लगाया। जिसके लिए प्रशिक्षु अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। शुक्रवार को प्रदर्शन करते हुए प्रशिक्षुओं ने एसडीएम से शिकायत कर दस्तावेज दिलाने की गुहार लगाई।
जीडीए का प्रशिक्षण हासिल करने वाली प्रशिक्षु शालू, कोमल, तन्नू, प्रियंका बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत अग्रवाल मंडी टटीरी में संचालित एक केंद्र पर जीडीए का प्रशिक्षण हासिल किया। प्रशिक्षण शुरू होने से पहले उनके केंद्र के डायरेक्टर ने उनके हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के प्रमाणपत्र जमा करा लिए थे, लेकिन प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद भी वापस नहीं दिए गए। उन्होंने कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक से भी शिकायत कर दस्तावेज दिलाने और कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक नीरज सिंह का कहना है कि प्रशिक्षुुओं की समस्या को देखते हुए केंद्र के डायरेक्टर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा, जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही दस्तावेज वापस दिला दिए जाएंगे।