बागपत। मलकपुर शुगर मिल पर किसानों के पुराने बकाए के भुगतान की मांग को लेकर सोमवार से कलक्ट्रेट में चल रहा भाकियू का धरना डीएम के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बकाए के भुगतान की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में अनिश्चितकालीन धरना शुरु किया। उन्होंने बकाए का भुगतान न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। सर्दी होने के बावजूद भाकियू कार्यकर्ता रात भर कलक्ट्रेट में डटे रहे। मंगलवार को डीएम राजकमल के आश्वासन के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। इस मौके पर भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र दांगी, पिंटू चौधरी, विजयपाल, बंशीलाल, जितेंद्र, उदयवीर मौजूद रहे।