बड़ौत। तहसील में गन्ने का बकाया भुगतान, बढ़ी विद्युत दरें पास कराने सहित कई मांगों को लेकर तहसील में चल रहा धरना शुक्रवार को एडीएम और एसई के आश्वासन पर समाप्त हो गया। साथ ही शनिवार होने वाली महापंचायत भी स्थगित कर दी गई।
एडीएम प्रतिपाल चौहान, एसडीएम सुभाष सिंह, एसई रणविजय सिंह, जिला गन्ना अधिकारी व नायब तहसीलदार प्रिय गर्ग किसानों के बीच पहुंचे। किसानों ने बताया कि चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये बकाया है, इसके बावजूद ऊर्जा निगम की टीम गांव में चेकिंग अभियान के बहाने किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रही है। कहा कि जब तक चीनी मिलों पर किसानों का बकाया गन्ना भुगतान है, तब तक गांव में बिजली चेकिंग व कनेक्शन न काटे जाएं।
एडीएम प्रतिपाल चौहान ने किसानों की समस्याओं को सुना और जल्द से जल्द सभी मांगों को पूरा करने के लिए आश्वासन दिया। जिसके बाद किसानों का धरना समाप्त हो गया। साथ ही तहसील में होने वाली महापंचायत भी स्थगित कर दी गई। अध्यक्षता विराज तोमर और संचालन अमित सदलपुर ने किया। मौके पर अनू मलिक, कालूराम, धर्मवीर सिंह तोमर, इसरार, नरेंद्र, जसवीर, वीरेंद्र, दिलशाद, सुरेंद्र, लोकेंद्र सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
मांगों को लेकर किसानों का धरना जारी
दोघट। कस्बा टीकरी में चल भूमि अधिग्रहण की समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर किसानों का धरना जारी है। शुक्रवार को पवन राठी, शिवकुमार, राजेंद्र राठी, वीरेंद्र राठी, नरेंद्र पंवार, हरवीर सिंह राठी तीसरे दिन भी आमरण अनशन पर रहे। किसानों ने कॉरिडोर में एक इंटरचेंज, सर्विस रोड, रकबा दुरस्तीकरण, नियमानुसार मुआवजा (एक जनपद - एक मुआवजा) की समस्या का समाधान न होने तक धरना जारी करने की चेतावनी दी। मौके पर आजाद राठी, रणवीर सिंह राठी, बबलू, राजेंद्र सिंह, कुलबीर राठी, पवन, योगेश राठी, अंकुर राठी, राजवीर मौजूद रहे।