बड़ौत। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं में एडमिशन के लिए दूसरी मेरिट आज देर शाम तक जारी की जा सकती है। उम्मीद की जा रही है कि दूसरी कटऑफ आने के बाद दाखिले की गति में भी इजाफा होगा। हालांकि पहली कटऑफ मेरिट से वंचित छात्र अभी दो दिन और अतिरिक्त बढ़ाए जाने की मांग कर रहे हैं।
आपको बता दें कि चौधरी चरण सिंह विवि द्वारा गत 31 जुलाई को प्रथम कटऑफ जारी की गई थी। इसे भी दो बार जारी किया गया। पहले जो कटऑफ जारी हुई थी, उसे कुछ ही देर बाद निरस्त कर संशोधित कर जारी किया गया था। इस सूची में जनता वैदिक डिग्री कॉलेज, दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज और जैन स्थानक वासी गर्ल्स डिग्री कॉलेज समेत जिले के दूसरे सभी कॉलेज भी शामिल थे। चार अगस्त तक का समय दाखिले के लिए दिया गया था। इसके बावजूद बहुत कम संख्या में दाखिले हुए। पहली कटऑफ में दाखिला लेने वाले छात्रों का आंकड़ा मात्र 15 प्रतिशत को भी पार नहीं कर पाया। अब उम्मीद की जा रही है कि आज-कल यानी रविवार शाम और या फिर सोमवार को विवि द्वारा दूसरी मेरिट जारी की जाएगी। इसके बाद कॉलेजों में मौजूदा सीटों को लॉक करने में भी गति आएगी। दिगम्बर जैन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ़ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि छात्र वेबसाइट से ऑफर लेटर डाउनलोड करके सभी प्रमाण पत्रों के साथ कॉलेज पहुंचकर एडमिशन ले सकते हैं।
-बीकॉम में प्रवेश लेने के लिए रुचि नहीं दिखा रहे छात्र
बड़ौत। बीकॉम विषय में बहुत कम दाखिले लिए गए हैं। जनता वैदिक डिग्री कॉलेज में प्रथम बार और दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज में पहले से ही बीकॉम हैं, लेकिन दोनों ही कॉलेजों में दाखिला लेने वाले छात्रों की संख्या अभी कम है।