बागपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उप्र जिला पंचायत अध्यक्ष पद चुनाव में भाजपा की शानदार जीत पर किए गए ट्वीट पर रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने रिट्वीट कर कटाक्ष किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि शानदार विजय और कानून का राज बोलकर प्रधानमंत्री देश को और अधिक समय शर्मिंदा न करें। सबको पता है कि सरकार के बल पर सरेआम डाका डाला गया है। प्रदेश में शनिवार को हुए जिला पंचायत अध्यक्ष पद चुनाव में भाजपा को 75 में से 67 सीटों पर मिली कामयाबी पर किए गए ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की शानदार विजय को विकास जनसेवा और कानून के राज के लिए जनता जनार्दन का दिया हुआ आशीर्वाद बताया है। उन्होंने इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को दिया है। यूपी सरकार और भाजपा संगठन को प्रधानमंत्री ने इस कामयाबी के लिए बधाई दी है।