बागपत। लोकसभा चुनाव में पीठासीन अधिकारी को 700 रुपये और मतदान अधिकारी को प्रतिदिन का 500 रुपये का भुगतान किया जाएगा। चुनाव आयोग में चुनाव में ड्यूटी करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों के पारिश्रमिक भुगतान की राशि निर्धारित कर दी है।
लोकसभा चुनाव में सेक्टर पदाधिकारी जोनल और गश्ती दल के अधिकारियों को 700, चतुर्थ कर्मचारियों को 350 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से निर्धारित किए गए हैं। मतगणना पर्यवेक्षक, माइक्रो पर्यवेक्षक, पुलिस निरीक्षक को 700 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा राजस्व निरीक्षक, हवलदार और सिपाही को 500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मिलेंगे। वीडियो सर्विलांस टीम, अकाउंटिंग टीम को 2100 रुपये एकमुश्त और 350 रुपये प्रति व्यक्ति प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। सरकारी चालकों को 350 रुपये प्रतिदिन की दर से पारिश्रमिक तय किया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर अनुमोदित ड्यूटी दिवस के अनुसार दिया जाएगा।