अध्यक्षों ने पहले ही तैयार किया पांच करोड़ के विकास का खाका
-एक महीने के अंदर बोर्ड बैठक करके भेजनी होगी सालभर की विकास की कार्य योजना
-प्राथमिकता के आधार पर कराए जाने वाले कार्यों की सूची तैयार, बैठक में मिलेगी मंजूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नगर पालिका और पंचायतों के अध्यक्ष ने भले ही शुक्रवार को शपथ ली। लेकिन उन्होंने करीब पांच करोड़ के विकास का खाका पहले ही तैयार कर लिया है। जिससे जल्द समस्याओं का समाधान हो सके। वहीं एक महीने के अंदर बोर्ड बैठक करके सालभर की विकास की कार्य योजना शासन को भेजनी है। जिससे शासन से उनकी मंजूरी के साथ ही बजट मिलता रहे।
अध्यक्षों ने यह बनाई कार्य योजना
-बागपत नगर पालिका अध्यक्ष राजूद्दीन के अनुसार शहर में कोई भी स्टेडियम नहीं है तो पार्क की सुविधा भी नहीं है। इसके अलावा बैंक्वेट हॉल नहीं है। यहां इन सभी को बनवाने के लिए प्रयास किया जाएगा। पानी निकासी की कई जगह समस्या है। इस समस्या को दूर किया जाएगा।
-बड़ौत नगर पालिका अध्यक्ष बबीता तोमर ने बताया कि नगर मेें सफाई व्यवस्था पर काम करना प्राथमिकता रहेगी। पानी निकासी की समस्या को दूर करना सबसे जरूरी है। पथ प्रकाश के लिए लगी सभी लाइटें ठीक कराई जाएगी।
-खेकड़ा नगर पालिका की अध्यक्ष नीलम धामा का कहना है कि कस्बे में सफाई और पेयजल व्यवस्था खराब है। सफाई, पेयजल व्यवस्था और टूटी सडक़े ठीक कराने पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा।
-रटौल नगर पंचायत अध्यक्ष जुनैद फरीदी ने बताया कि शपथ लेने के बाद पहली बोर्ड बैठक में बीमार लोगो के लिए निशुल्क एंबुलेंस की व्यवस्था कराना। सफाई की व्यवस्था कराने के साथ ही डंपिंग ग्राउंड बनाने पर काम किया जाएगा।
-अग्रवाल मंडी टटीरी नगर पंचायत की अध्यक्ष सपना देवी का कहना है कि कस्बे में पानी निकासी की व्यवस्था कराने पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा। इसके अलावा नियमित साफ सफाई और अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूरा कराया जाएगा।
-दोघट नगर पंचायत की अध्यक्ष संगीता का कहना है कि कस्बे की पानी निकासी की समस्या को दूर कराया जाएगा। इसके अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
-टीकरी नगर पंचायत की अध्यक्ष सरिता देवी का कहना है कि उनकी प्राथमिकता रुके हुए विकास कार्यों को शुरू कराने की होगी। कस्बे में सडक़ें बनाई जाएगी और पानी निकासी की समस्या को भी दूर किया जाएगा।
-अमीनगर सराय नगर पंचायत की अध्यक्ष सुनीता मलिक ने बताया कि कस्बे में पानी निकासी की बड़ी समस्या है। बारिश होते ही जलभराव हो जाता है, बरसात के मौसम को देखते हुए उस समस्या को दूर किया जाएगा। गर्मी में सबसे जरूरी पेयजल की व्यवस्था नियमित की जाएगी।
-छपरौली नगर पंचायत के अध्यक्ष धर्मेंद्र का कहना है कि कस्बे में जलभराव की समस्या दूर की जाएगी तो सफाई व्यवस्था बेहतर होगी। इसके अलावा भी कई अन्य कार्य कराए जाएंगे।