बड़ौत। नगरपालिका की अनदेखी के कारण नगर की पत्थर मंडी और बिनौली रोड में गंदगी का अंबार लगा है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। आलम यह है कि गंदगी के चलते अब लोग बीमार पड़ने लगे हैं। मगर इसके बावजूद भी न तो नगरपालिका इस ओर ध्यान दे रही है और न ही स्वास्थ्य विभाग।
पत्थर मंडी में नियमित सफाई नहीं कराए जाने से जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं और नाले-नालियां जाम हो चुकी हैं। गंदगी से परेशान लोग कई बार नगरपालिका व जिम्मेदार लोगों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन साफ-सफाई पर किसी ने ध्यान नहीं दिया है। पत्थर में गंदगी पसरी होने के कारण मच्छर पनप रहे हैं और संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं।
बिनौली रोड व पत्थर मंडी में रहने वाले लोगों में आदेश कुमार गुप्ता, वरुण जैन, रीमा जैन, सुनील गुप्ता, गोरी सिंघल, अंकुर कुमार जैन का कहना है कि गंदगी के चलते लोग बुखार, खांसी, जुकाम आदि से ग्रस्त होकर नगर के निजी अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे है। कूड़े के ढेरों से उठने वाली गंदगी से लोगों को सांस लेना तक दूभर हो गया है।
नगरपालिका के ईओ अनुज कौशिक का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई थी। जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए सफाई कर्मचारियों को भेजा गया था। नियमित रूप से सफाई कराई जा रही है।