बागपत। टैक्स चोरी में पकड़ी गई 22 गाड़ियों में जांच के बाद आठ गाड़ियों को 25 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि दो गाड़ियों में लदे माल का टैक्स जमा मिलने पर छोड़ दिया गया। उधर, बिना टैक्स जमा किए माल पास कराने वाले सफेदपोश की भूमिका उजागर करने में एसटीएफ राज्य कर की टीमें जुट गई हैं।
एसटीएफ राज्य कर की टीम को दिल्ली व हरियाणा से टैक्स चोरी कर सामान लाए जाने की सूचना मिली थी। जिस पर एक सप्ताह पहले एसटीएफ राज्य कर के अपर आयुक्त अरविंद कुमार के नेतृत्व में मेरठ जोन की टीमों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से लेकर मेरठ-बागपत हाईवे और बड़ौत-मेरठ मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया था। जिसमें जांच के बाद गाड़ियों में लदे माल के बाजार भाव का पता कर टैक्स लगाने की कार्रवाई चल रही है। उधर, फर्जी बिलों व फर्जी फर्म को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। एसटीएफ राज्य कर विभाग की टीमें अब ऐसे सफेदपोश की भूमिका उजागर करने में जुट गई है। वे बिना टैक्स जमा किए माल मंगवाने में लगे हुए थे। अधिकारियों की माने तो जांच के बाद फर्जी बिलों से सामान सप्लाई करने वालों व मंगवाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।