बागपत। अग्रवाल मंडी टटीरी में रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण शुरू होने के बाद अफसर रूट डायवर्जन कर आराम से बैठ गए। जहां गांवों के रास्तों से गुजर रही जनता परेशान है। गांवों के रास्तों को मिट्टी डलवाकर बेहतर किया जा सकता है, लेकिन अफसर ध्यान नहीं दे रहे।
- मेरठ इधर से जाएं, पर गड्ढे बहुत हैं
बाघू संतोषपुर गांव के पास मेरठ जाने वाले राहगीरों के लिए संकेतक लगाया गया है। जहां संकेतक लगा है, वहीं से सड़क में गड्ढों की भरमार है। वहां से वाहनों के निकलने पर दिनभर धूल उड़ती रहती है, जिससे दुपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- सूरजपुर महनवा अंडरपास में फंस रहे वाहन
मेरठ की तरफ से आने वाले हल्के वाहनों को सूरजपुर महनवा रेलवे अंडरपास से निकाला जा रहा है। जहां दो वाहनों के आमने-सामने आते ही जाम की स्थिति बन जाती है। जिसके चलते दिनभर कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को निकाला जा रहा है।
- अंडरपास से बाहर मार्ग पर मिट्टी डालने की जरूरत
सूरजपुर महनवा रेलवे अंडरपास से निकलते ही दिनभर भीषण जाम लगा रहा। जहां रास्ते में अगर थोड़ी मिट्टी डाल दी जाए तो आवागमन बेहतर हो सकता है, लेकिन अफसर इस पर ध्यान नहीं दे रहे। वहां वाहन आमने सामने आते ही एक तरफ खेत में पलटने का भी खतरा बना रहता है। बृहस्पतिवार को राहगीर कड़ी मशक्कत कर वाहनों को निकालते नजर आए।
- गौरीपुर-बसा टीकरी मार्ग पर गड्ढे भर जाएं तो बेहतर हाेगी व्यवस्था
मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर मीतली से भारी वाहनों को गौरीपुर, बसा टीकरी से होते हुए पाबला के रास्ते चमरावल मार्ग पर भेजा जा रहा है। इस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए है। जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गौरीपुर बसा टीकरी से पाबला मार्ग पर गड्ढे भरवा दिए जाए तो उस पर धूल उड़नी भी बंद हो जाएगी और आवागमन भी बेहतर हो जाएगा। क्योंकि इसी मार्ग से अगले डेढ़ साल तक वाहनों को निकाला जाएगा।
- राहगीर ही थाम रहे व्यवस्था, आपस में भिड़ भी रहे
गांवों के कम चौड़े रास्तों पर वाहनों के आमने सामने आते ही जाम लग जाता है। जहां राहगीर खुद ही व्यवस्था संभालकर एक तरफ की लाइन निकालकर अपना वाहन निकालने में जुटे रहते है। जिसको लेकर वाहन चालकों की आपस में भिड़ंत और गाली गलौज होती रहती है।
- लोगों की समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे अफसर
गांवों के छोटे रास्तों पर वाहनों की दो लाइन चलाई जा रही है। जिससे पिछले डेढ़ घंटे से परिवार के साथ जाम में फंसा हुआ हूं। जबकि ऐसे रास्तों से एक तरफ के वाहन निकाले जाए और सामने से आने वाले वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला जाए। अधिकारी जनता की समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे। - विनोद, बागपत
- वाहन निकालने के लिए करनी पड़ रही मशक्कत
बसौद गांव से परिवार के साथ बागपत जा रहा था। सूरजपुर महनवा रेलवे अंडरपास के समीप पिछले आधे घंटे तक जाम में फंसा रहा। जाम में फंसे वाहनों को निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी प़ड़ी। - इरशाद, बसौद
वर्जन-बागपत से मेरठ जाने वालों के लिए शुगर मिल के बराबर से बाघू अंडरपास वाला रास्ता है, जबकि मेरठ से आने वालों को सूरजपुर महनवा अंडरपास का रास्ता निर्धारित किया गया है। नियमों का पालन कराने के लिए यातायात पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। - अविनाश त्रिपाठी, एसडीएम बागपत