संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। निरपुड़ा गांव में सोमवार की रात बदमाशों ने घरों में घुसकर महिलाओं के कानों से कुंडल खींच लिए, जिससे एक महिला के कान भी कट गए। बदमाश सबसे पहले सोमपाल पुत्र टीकाराम के घर में घुसे, जहां सोते हुए महिला बालेश के कानों से कुंडल निकाले। महिला के शोर मचाने पर बदमाश दीवार कूदकर भाग निकले। इसके बाद बदमाश सत्यपाल पुत्र अश्रु के घर में घुसे, जहां जाग होने से बदमाशों को खाली हाथ भागना पड़ा। वहां के बाद अरविंद पुत्र चतर सिंह के घर में घुस गए और वहां पर अरविंद की पत्नी राजेश के कानो से कुंडल खींचना शुरू किया तो महिला ने विरोध किया। इसके बावजूद बदमाश कुंडल खींचकर भाग गए, जिससे महिला का कान भी कट गया। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद भी कई घंटे बाद भी वह गांव में नहीं पहुंची।