घर में घुसकर फायरिंग कर भागे बदमाश
बागपत, बालैनी। दौलतपुर गांव में शुक्रवार रात दो बदमाशों ने एक मकान में घुसकर फायरिंग की। जिसमें परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव में जाग होने पर बदमाश भाग गए। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मेरठ के किठौर के रहने वाले इमरान ने बताया कि कई सालों से वह दौलतपुर गांव में अपनी ससुराल में रह रहा है। शुक्रवार रात वह अपने घर में सोया हुआ था। तभी दो बदमाश आये और उसके घर में घुस गए। आरोप लगाया कि बदमाशों ने घर में घुसते ही फायरिंग शुरू कर दी। उसने कमरे में घुसकर स्वयं को बंद कर लिया। आरोप लगाया कि बदमाशों ने कमरे के दरवाजे पर भी गोली चलाई। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव में जाग हो गई और ग्रामीण इकट्ठा हो गए। जिसके बाद बदमाश वहां से भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फायरिंग करने वालों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--
आठ लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया
दोघट। क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने दूसरे वर्ग के आठ लोगों पर सात अगस्त को घर में घुसकर पति व भांजे पर मारपीट करने का आरोप लगाया। जिसमें एसपी के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का आरोप है कि सात अगस्त को वह रिश्तेदारी में गई हुई थी, तभी उसके पति व भांजे की पिटाई की और दुष्कर्म का आरोप लगाकर जेल भिजवा दिया। उधर, थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमे की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद