बागपत। जिला अस्पताल में खून की जांच करने वाली बायोकेमेस्ट्री एनालाइजर मशीन अभी तक ठीक नहीं हुई है। जिससे अब मरीजों को जांच बाहर करानी पड़ रही है और इसके लिए उनको पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।
जिला अस्पताल में रोजाना सौ से अधिक मरीज जांच कराने के लिए पहुंंच रहे हैं। जबकि मशीन की क्षमता केवल 50 तक है। नमूने अधिक आने के कारण मशीन में बुधवार को तकनीकी खराबी आ गई थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मशीन ठीक कराने के लिए इंजीनियर को बुलवाया गया था। जिसके तुरंत बाद ही मशीन में दोबारा से खराबी आ गई।
इस कारण जिला अस्पताल में लीवर, किडनी और कोलेस्ट्रॉल की जांच बंद पड़ी है। मशीन को ठीक करने के लिए उसके अंदर नया उपकरण लगेगा जो लखनऊ से भेजा जाएगा। इसलिए ही मशीन अभी जल्द ठीक होती नहीं दिख रही है और इससे मरीजों की परेशानी बढ़ती जा रही है। इसलिए ही मरीजों को निजी प्रयोगशाला पर एक हजार रुपये तक खर्च करके जांच करानी पड़ रही है।
जिला अस्पताल में मशीन खराब होने की बात कही जा रही है। इसलिए ही बाहर जांच करानी पड़ी। यहां कोई सुविधा नहीं मिलने के कारण पैसे खर्च करने पड़ रहे है। - मदन, सूजती
खून की जांच कराने के लिए आई थी, लेकिन यहां मशीन खराब बताई गई। अब जांच बाहर करानी पड़ेगी। अस्पताल में पहले भी कई बार मशीन खराब मिली। - ममता, बागपत
कोट...
मशीन खराब हो गई थी, जिसका उपकरण लखनऊ से इंजीनियर अपने साथ लेकर आएंगे। उम्मीद है कि सोमवार को मशीन ठीक हो जाएगी और उसके बाद नियमित जांच होगी। - डाॅ. रविकांत शुक्ला, प्रयोगशाला प्रभारी