बागपत जनपद में हजूराबाद गढ़ी गांव के लोग महिला के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए शमशान घाट में पहुंचे। वहां अंत्येष्टि स्थल पर शव को रखकर मुखाग्नि दी, जिसके बाद लोग चिता से कुछ दूर अंत्येष्टि स्थल के बाहर निकलकर खड़े हो गए। इसी दौरान अचानक अंत्येष्टि स्थल का लिंटर गिर गया।
उत्तर प्रदेश के बागपत में हजूराबाद गढ़ी में महिला का अंतिम संस्कार करते हुए अंत्येष्टि स्थल का लिंटर गिर गया। उस वक्त मुखाग्नि देकर चिता से कुछ दूर खड़े होने के कारण 50 से ज्यादा लोगों की जान बच गई। लोगों ने निर्माण करने वाले ठेकेदार के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
हजूराबाद गढ़ी में शुक्रवार की सुबह सतपाल सिंह की पत्नी शिमला का निधन हो गया था। गांव के लोग महिला के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए शमशान घाट में पहुंचे। वहां अंत्येष्टि स्थल पर शव को रखकर मुखाग्नि दी, जिसके बाद लोग चिता से कुछ दूर अंत्येष्टि स्थल के बाहर निकलकर खड़े हो गए।
तभी अंत्येष्टि स्थल का लिंटर गिर गया। लिंटर गिरते ही लोगों में भगदड़ मच गई। हालांकि इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ और हादसा टल गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थल का निर्माण करने वाले ठेकेदार के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान इंद्रपाल, रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज उज्ज्वल, सतबीर, मनोज, ओमपाल, सुरेश, सतेंद्र, संजय, भोपाल, महिपाल, बाबूराम, सोनपाल, वेदपाल, विक्रम ने आरोप लगाया कि श्मशान घाट में कराए गए कार्यों में खराब सामग्री लगाकर घपला किया गया है। इस मामले में जांच कराकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई कराई जाए।