रमाला। किरठल गांव में शटडाउन लेकर हाईटेंशन लाइन ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ा लाइनमैन तार को हाथ लगाते ही करंट लगने से झुलस गया। जिस पर ग्रामीण भड़क गए और हंगामा किया। उधर लाइनमैन का शामली के निजी अस्पताल में उपचार कराया। जिसकी हालत गंभीर देखते हुए करनाल के लिए रेफर कर दिया गया।
किरठल गांव निवासी मुनसैद ने बताया कि उसका भाई नईम गांव के ही बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन है। जो मंगलवार की सुबह जंगल में हाईटेंशन लाइन ठीक करने के लिए गया था। बताया कि नईम ने बिजलीघर के एसएसओ से फोन कर शटडाउन लिया। आरोप लगाया कि शटडाउन लेने के बाद नईम खंभे पर चढ़ा और उसने जैसे ही बिजली के तार पकड़ा। उसे करंट लग गया और गंभीर रूप से झुलस गया। लाइनमैन के झुलसने पर परिजनों व ग्रामीणों ने शटडाउन लेने के बाद भी विद्युत आपूर्ति जारी रखने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस मामले में बिजलीघर के जेई तेजप्रताप राव ने बताया कि लाइनमैन ने शटडाउन लिया था, लेकिन एसएसओ ने खेत की लाइन का शटडाउन नहीं देकर गांव की लाइन का शटडाउन दे दिया। जिस कारण हादसा हुआ। जिसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी को बुलाने की मांग की
लाइनमैन के झुलसने के बाद ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया और लाइनमैन को मुआवजा देने की मांग की। जहां ग्रामीण ऊर्जा निगम के अधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे, लेकिन अधिकारी नहीं आए। एसएसओ के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीण धरना देने की चेतावनी देकर चले गए।