खेकड़ा। पाठशाला बस स्टैंड के पास एलिवेटेड मार्ग के निर्माण कार्य में लगा मजदूर मंगलवार को पैर फिसलने से नीचे गिरकर घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल के चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। उधर साथी मजदूर बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को लेकर चले गए।
झारखंड का रहने वाला निर्मल (36) पाठशाला के पास एलिवेटेड मार्ग के निर्माण में मजदूरी कर रहा था। मंगलवार को मार्ग निर्माण के दौरान मजदूर निर्मल पैर फिसलने से एलिवेटेड मार्ग से नीचे गिर गया। सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को साथी एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मजदूर निर्मल को मृत घोषित कर दिया। मजदूर की मौत होने के बाद साथियों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव लेकर चले गए। उधर सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। इस मामले में थाना प्रभारी वीरेंद्र राणा का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मकान से लाखों की चोरी कर चिलम छोड़ गए
बागपत। शहर के ठाकुरद्वारा मोहल्ले में गुरुद्वारे के पास चोरों ने मकान से 1.20 लाख रुपये की नकदी और जेवरात के साथ सीसीटीवी कैमरे चोरी कर लिए और चिलम छोड़कर चले गए। शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
ठाकुर द्वारा मोहल्ले में गुरुद्वारे के पास रहने वाली नीरू ने तहरीर में बताया कि दो दिन के लिए घरवाले बाहर गए थे। चोर दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और एक लाख 20 हजार रुपये की नकदी, सोने की चैन समेत अन्य कीमती सामान भी चोरी कर लिया। सीओ विजय चौधरी ने बताया कि चोरी के मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद