जिले में 89 बच्चे किए गए थे मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लिए चिह्नित
वित्तीय वर्ष 2022-23 में बच्चों को नहीं मिली किस्त, महिला एवं बाल कल्याण विभाग भी कर रहा खानापूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कोरोना काल में माता-पिता को खोने वाले बच्चों की पढ़ाई से लेकर पालन-पोषण की सरकार ने जिम्मेदारी उठाई। अब सरकार ने छह महीने से उन्हें बेसहारा छोड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत बच्चों को चार-चार हजार रुपये छह महीने से नहीं मिले हैं। जिससे लाभार्थी के पालन-पोषण को लेकर परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, स्कूल फीस भी जमा नहीं हो पा रही है।
कोरोना काल में जिले में काफी लोगों की संक्रमण के चलते मौत हुई थी। जिसमें कुछ बच्चे अनाथ हो गए थे। इसके अतिरिक्त पिता की मौत होने के बाद बच्चों के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया था। ऐसे बच्चों के पालन पोषण से लेकर पढ़ाई की जिम्मेदारी शासन ने उठाते हुए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना शुरू की थी। जिसमें जिले में 89 बच्चे चिह्नित किए गए और उन्हें चार-चार हजार रुपये महीने लाभ दिया गया। वित्तीय वर्ष 2022-23 शुरू होने के बाद एक बार भी बच्चों को लाभ नहीं मिल पाया।
फीस जमा नहीं कर पा रहे
पति की मौत के बाद तीन बेटियों के पालन पोषण को लेकर चिंतित थी। बाल सेवा योजना का लाभ मिलने से परेशानी कम हुई, लेकिन मार्च के बाद अभी तक लाभ नहीं मिलने से उनकी स्कूल फीस भी जमा नहीं हुई है।
आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा
एक महिला ने बताया कि दो बेटों को बाल सेवा योजना का लाभ मिलने से उनकी पढ़ाई चल रही है, लेकिन छह महीने से किस्त नहीं मिलने से फीस जमा नहीं हुई और आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।
जल्द दिलाया जाए योजना का लाभ
महिला का कहना है कि तीन बच्चों का पालन पोषण करना कठिन है। बाल सेवा योजना का लाभ मिलने से राहत मिली थी, लेकिन अब जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। जल्द ही योजना का लाभ दिलाया जाए।
बच्चों की समस्या को समझें अधिकारी
महिला ने बताया कि बाल सेवा योजना का लाभ नहीं मिलने पर बार विकास भवन जाकर अधिकारियों से संपर्क किया परंतु अभी तक समाधान नहीं कराया गया। अधिकारी बच्चों की समस्या को समझें और जल्द लाभ दिलाएं।
वर्जन
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का लाभ शासन से बजट नहीं मिलने के कारण नहीं दिलाया जा सका है। हाल ही में शासन से बाल सेवा योजना के लिए बजट जारी हुआ है। इसकी फाइल तैयार कर ली गई है। जल्द ही लाभार्थियों के खातों में छह-छह महीने का लाभ दिलाया जाएगा।-तुलिका शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी