बावली गांव की पट्टी देसू में गली में भरा तालाब का पानी
- फोटो : BARAUT
बड़ौत। बावली गांव की पट्टी देसू में वर्षों से बनी जलभराव की गंदगी अब लोगों के घरों तक पहुंचने लगी है, जिस कारण छोटे-छोटे बच्चों के अलावा गांव के लोग भी संक्रमण रोग की चपेट में आने से बीमार होने लगे हैं। बुधवार को ग्रामीणों ने गांव में पंचायत कर तीन दिनों के अंदर समस्या का समाधान न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।
जिला पंचायत सदस्य विनय मास्टर बावली ने कहा कि जलभराव से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया। समस्या को लेकर कांवड़ यात्रा के दौरान ब्लाक पर धरना भी दिया था, जिसके बाद ब्लाक कर्मचारियों से समस्या का समाधान करने की बात कही थी। कई दिन बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
आरोप लगाया कि बीडीओ ज्योति बाला लगातार फोन करने के बाद भी न तो फोन रिसीव करती हैं और न ही ब्लाक पर शिकायत लेकर जाने वाले लोगों की सही ढंग से सुनवाई करती है। पंचायत में निर्णय लिया गया कि यदि तीन दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह पहले तहसील में धरना देंगे। उसके बाद हाईवे को अवरुद्ध कर आंदोलन शुरू कर देंगे। संचालन डॉ. बिल्लू ने किया। मौके पर सुभाष बीडीसी, विनोद, जयपाल, उधम सिंह, बाबू, उमेश, प्रवीण, नीटू, देशपाल, राजवीर, धर्मवीर, जितेंद्र सिंह, सत्यपाल फौजी, प्रवीण, रविंद्र प्रधान, विनोद फौजी आदि शामिल रहे। बीडीओ ज्योति बाला ने कहा कि जलभराव की समस्या के लिए पानी निकासी का प्रबंध किया जाने का प्रयास किया जा रहा है। फोन रिसीव न करने का आरोप निराधार हैं।