बड़ौत (बागपत)। बागपत और शामली के रजबहों पर स्थित नौ जर्जर पुलों की सूरत बदलने वाली है। शासन से डेढ़ करोड़ की धनराशि स्वीकृत होने के बाद बागपत में सात और शामली के रजबहे पर दो पुलों का निर्माण होगा। सोमवार से इन पुलों के निर्माण का विधिवत रूप से उद्घाटन किया जाएगा।
बागपत में कई रजबहों पर ब्रिटिश और मुगल काल के दौरान पुल बनाए गए थे। जिनकी हालत काफी जर्जर हो चुकी है। सिंचाई विभाग के जिम्मे नहरों का संचालन होने के साथ ही मरम्मत व उनकी देखरेख भी है। इसलिए बढ़ते हादसों को देखते हुए शासन द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अफसरों से रिपोर्ट मांगी गई थी।
जिसके बाद सिंचाई विभाग के अफसरों ने बागपत में सात रजबहों पर व सिंचाई खंड बड़ौत के अंतर्गत आने वाले शामली जनपद के रजबहे पर दो पुलों को चिह्नित किया था और रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी थी। शासन से इसकी मंजूरी मिल गई है। इन पुलों का पुनर्निर्माण के लिए डेढ़ करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो गई है।
इन रजबहों पर शुरू होगा कार्य
रजबहे पर दो पुल, रमाला रजबहे पर दो पुल, बिजवाड़ा रजबहे पर तीन पुल, बड़ौली रजबहे पर एक पुल व बिहारी रजबहे पर एक पुल का निर्माण किया जाएगा।
विभाग की तैयारियां पूर्ण
- सिंचाई खंड बड़ौत के अंतर्गत आने वाले शामली जनपद के रजबहे पर दो और बागपत में सात पुलों के पुनर्निर्माण के लिए शासन ने धनराशि भेजी दी है। सोमवार से इन पुलों का पुनर्निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। - सूरजपाल, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग