बागपत। छात्राओं का मॉडल स्कूल में पढ़ाई करने का सपना इस साल भी पूरा नहीं हो पाया। बजट जारी न होने के कारण बिल्डिंग का निर्माण होने के बावजूद फिनिशिंग और फर्नीचर की व्यवस्था न होने के कारण विद्यालय शुरू नहीं पाया है। अब 2023 में बजट मिलने पर विद्यालय शुुरू की उम्मीद जताई जा रही है।
बेटियों को पढ़ाई के लिए गांव में ही अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए अल्पसंख्यक विभाग की ओर से मॉडल कन्या विद्यालय का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। विभाग की ओर से वर्ष 2016 में विद्यालय के निर्माण के लिए 3.85 करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव तैयार किया था। जिससे गांव की बेटियों और ग्रामीणों में गांव में ही इंटर तक की शिक्षा मिलने की उम्मीद जगी थी।
शासन से स्वीकृति मिलने पर विभाग की ओर से 2016 में ही निर्माण भी शुरू करा दिया था, मगर छह साल का लंबा इंतजार करने के बाद भी बजट की कमी के कारण विद्यालय का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। छह साल बीतने के बाद भी कॉलेज का निर्माण अधूरा है। भवन का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन फिनिशिंग और फर्नीचर का काम होने पर स्टाफ की तैनाती करके ही कॉलेज को शुरू कराया जा सकता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह का कहना है कि टांडा में राजकीय कन्या मॉडल विद्यालय की बिल्डिंग का निर्माण पूरा हो चुका है। अब केवल फिनिशिंग और फर्नीचर की कमी है। बजट मिलने में अधूरे कार्यों को पूरा कर विद्यालय में स्टाफ की नियुक्ति कर संचालन शुरू कराया जाएगा।