बड़ौत (बागपत)। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बिजरौल रोड रेलवे क्रासिंग पर बनाएं जा रहे ओवरब्रिज के कार्य को रुकवा दिया है, जिससे कांवड़ियों को किसी तरह की भी परेशानी का सामना ना करना पड़े।
नगर के बिजरौल रोड पर उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा ओवरब्रिज का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। रेलवे ट्रैक के दोनों ओर सेतु निगम द्वारा निगम द्वारा पिलर्स बनाएं जा रहे हैं, जिसके कारण यह मार्ग आवागमन के लिए बाधित बना हुआ था। वहीं कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है और यह कांवड़ियों के गुजरने का मुख्य मार्ग भी है। इस वजह से अधिकारियों ने पैदल कांवड़ मार्ग को दुरुस्त करने के लिए उत्तर प्रदेश सेतु निगम के अधिकारियों से बात की।
डीएम राजकमल यादव के निर्देश पर पहले ही बड़ी कांवड़ व डाक कांवड़ का मार्ग बदल दिया गया था, लेकिन पैदल कांवड़िये बड़ौत-बिजरौल मार्ग से गुजरेंगे। कांवड़ियों को किसी तरह की समस्या का सामना ना करना पड़े, इसको देखते हुए ओवरब्रिज का निर्माण कार्य फिलहाल रुकवा दिया गया है। एसडीएम सुभाष सिंह ने बताया कि डीएम के आदेशों पर फिलहाल ओवरब्रिज का कार्य बंद करा दिया है।